बदायूं। प्रसूताओं के तीमारदारों से वसूली और महिला वार्ड में डॉक्टरों के अनुपस्थित होने की खबर शुक्रवार को अमर उजाला में प्रकाशित होने बाद हरकत में आए सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा रविवार सुबह अचानक महिला अस्पताल में निरीक्षण के लिए पहुंच गए। यहां उन्हें एक महिला डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित मिले, उनसे जवाब तलब किया गया है। सीएमओ के निरीक्षण से अस्पताल में खलबली मच गया।
रविवार सुबह 10 बजे सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा जिला महिला अस्पताल पहुंचे। सबसे पहले प्रसव और लेबर वार्ड का निरीक्षण किया। प्रसूताओं और उनके तीमारदारों से बातचीत की। सीएमओ के अनुसार, डॉ. नाजिया और स्टॉफ नर्स अनुपस्थित मिलीं। वार्ड में गंदगी मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। सीएमओ ने बताया कि एसएनसीयू वार्ड के निरीक्षण में बाल रोग विशेज्ञष डॉ. राजीव नहीं मिले। यहां मौजूद स्टॉफ नर्स से नवजात शिशुओं की दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में पूछा तो वह आधी-अधूरी जानकारी दे सकीं। आक्सीजन सिलेंडर की स्थिति को परखा गया। सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा ने बताया कि रविवार को एक भी महिला चिकित्सक प्रसव वार्ड में ड्यूटी पर नहीं मिली। सीएमओ ने अनुपस्थित मिले डॉक्टर और कर्मचारियों से जवाब तलब किया है।
प्रसव और एसएनसीयू वार्ड के निरीक्षण में जो डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित मिले उनसे जवाब-तलब किया गया है। प्रसूताओं से भी बातचीत की गई।महिला अस्पताल की स्थिति सुधारने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
-डॉ. नेमी चंद्रा, सीएमओ