बदायूं। जिले में लंबित पड़े विकास कार्यों को तत्काल पूर्ण कराने के लिए सभी अधिकारियों को आदेश दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करने पर ब्लाक अंबियापुर में 36, बिसौली में 03, दातागंज में 16, सहसवान में 32 तथा विकास खंड समरेर में 12 आवास लंबित पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। समस्त खंड विकास अधिकारियों से डीएम ने जवाब तलब किया है। । गुरुवार को विकास भवन स्थित सभागार में जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव ने मुख्य विकास अधिकारी शेषमणि पाण्डेय के साथ विकास कार्यां की समीक्षा की। इस दौरान पंचायत राज विभाग ने इस माह में 25 गांव ओडीएफ कराने की जिम्मेदारी ली। डीएम ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को जिले के पांच-पांच विद्यालयों का निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिए गए अवैध विद्युत कनेक्शन्स की जांच कराई जाए। उन्होंने समीक्षा में पाया कि 117 के सापेक्ष 46 अधिकारी ही अब तक डिजीटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया से गुजर पाए हैं। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि शेष 71 अधिकारी जल्द से जल्द डिजीटल सिग्नेचर बनवाएं। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को बचे हुए कार्य को गुणवत्ता पूर्वक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सेवाराम चौधरी, पीडी डीआरडीए विजय कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।