- सरकारी खरीद के लिए जिले में खोले गए हैं 126 क्रय केंद्र, समर्थन मूल्य 2125 रुपये तय
- बाकी किसी भी केंद्र पर नहीं पहुंचा एक भी किसान, गेहूं की कटाई-गहाई शुरू होने में लगेंगे अभी 10 दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शासन के निर्देश पर जिले में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हो गई है। बारदाना समेत सभी आवश्यक संसाधन केंद्रों पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। हालांकि अधिकांश केंद्रों पर एक भी किसान गेहूं बेचने नहीं पहुंचा, लेकिन वजीरगंज और दातागंज में विपणन शाखा के केंद्र पर 16.5 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई।
गेहूं किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 126 सरकारी गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर शासन की ओर से जारी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद होगी। इस बार 2125 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गेहूं खरीदा जाएगा। पहले दिन गेहूं खरीद की औपचारिक शुरुआत करते हुए दातागंज और वजीरगंज में विपणन शाखा के केंद्र पर खरीद की बोहनी हुई।
दातागंज में ब्रजेश कुमार से 11 क्विंटल और वजीरगंज में आनंद गुप्ता से 5.5 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। जिले के बाकी केंद्रों पर कोई किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचा। किसानों का कहना है कि अभी गेहूं का अता-पता ही नहीं है। गेहूं की कटाई-गहाई शुरू होने में कम से कम 10 दिन लगेंगे। इसके बाद ही गेहूं बाजार में आएगा।
गेहूं खरीद के दौरान पहुंचीं राज्यमंत्री
स्कूल चलो अभियान को हरी झंडी दिखाने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंत्री/ जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी वजीरगंज गईं थीं। इसी दौरान वह वजीरगंज में स्थापित गेहूं खरीद केंद्र पहुंचीं। वहां उनके सामने ही गांव गौरामई निवासी आनंद गुप्ता ने अपना गेहूं तुलवाया। उनका विपणन अधिकारी ने माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर सदर विधायक महेशचंद्र गुप्ता, डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, सीडीओ केशव कुमार आदि मौजूद रहे।