बदायूं। शनिवार से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर शहर के सभी देवी मंदिरों में व्यापक तैयारियां की गईं हैं। सभी मंदिरों में सफाई के साथ-साथ सजावट किए जाने का क्रम पूरे दिन जारी रहा। नगला देवी मंदिर और बिरुआबाड़ी में श्रद्धालुओं की सुविधा को बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा के लिहाज से मंदिरों पर पुलिस की भी व्यवस्था रहेगी। इस मौके पर बाजार भी माता की चुनरी और पूजा पाठ की अन्य सामग्री से सजे रहे। भक्तों ने व्रत और पूजा से संबंधित सामान की जमकर खरीदारी की।
यूं तो नवरात्र पर सभी देवी मंदिरों में श्रद्धालु पूजा-अर्चना को पहुंचते हैं, लेकिन शक्तिपीठ नगला मंदिर, बिरुआबाड़ी समेत प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालु भोर होते ही पहुंचने लगते हैं। जैसे-जैसे दिन चढ़ने लगता है वैसे-वैसे मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि हो जाती है। मंदिर में आने-जाने को बैरीकेडिंग की जाती है। इस बार भी यह व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो। नगला मंदिर, बिरुआबाड़ी, हरप्रसाद मंदिर, गौरीशंकर समेत शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में नवरात्र की पूरी तैयारी कर ली गईं हैं। कई दिनों से मंदिरों में साफ-सफाई का कार्य भी चल रहा था। ज्यादातर लोग नवरात्र के पहले दिन उपवास रखते हैं। नवरात्र पर होने वाली पूजा में प्रयुक्त होने वाले सामान की खरीदारी करने वालों की शुक्रवार को बाजार में भीड़ रही। इस दौरान दुकानें भी सामान से सजी रहीं। ---------------------
क्या कहते हैं पंडित
पं. गिरीश शर्मा कहते हैं कि सुबह साढ़े दस बजे के बाद घटस्थापन और पूजा प्रारंभ का शुभ मुहूर्त होगा। भक्त शुभ मुहूर्त के अनुसार पवित्र होकर आसन पर बैठें। सामने लाल वस्त्र पर माता का विग्रह स्थापित करें और हाथ में जल, फूल, रोली-चावल लेकर पूजा व्रत अनुष्ठान का संकल्प लें।
-------------------
एक ही दिन में चढ़ गए फलों के दाम
नवरात्र से एक दिन पहले ही बाजार में फलों के दाम में वृद्धि हो गई। अब तक संतरे 20 से 30 रुपये प्रति किग्रा बिक रहे थे, लेकिन शुक्रवार को यह 30 व 40 रुपये किग्रा बिके। इसी प्रकार अंगूर के दाम 60 से 80 रुपये तक चढ़ गए। केला 30 से 40 रुपये दर्जन बिका।
------------------
हिंदू नववर्ष भी आज मनेगा, होंगे कार्यक्रम
नवरात्र के साथ ही हिंदूू नववर्ष का भी आगाज हो जाता है। कला, साहित्य एवं कलाकारों की अखिल भारतीय संस्था ‘संस्कार भारती’ नव संवत्सर पर सूर्यदेव को अर्ध्य देकर तथा शाम को मकानों के द्वार पर दीपक जलाकर हिंदू नव वर्ष का पर्व मनाएगी। मुख्यपर्व शक्तिपीठ नगला मंदिर में प्रात: सात बजे मनाया जाएगा, जिसमें समिति के संयोजक भगवान सिंह राठौर, राहुल चौबे तथा सभी चार प्रादेशिक पदाधिकारी, संरक्षक और नगर समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे। संस्था के प्रादेशिक मंत्री डॉ. विष्णु प्रकाश मिश्र ने बताया कि संस्कार भारती के उझानी, बिल्सी, बिसौली, हत्सा, इस्लामनगर, सहसवान एवं दातागंज के सदस्य अपने यहां ही नवसंवत्सर उत्सव मनाएंगे।