बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से कलक्ट्रेट सभागार में किसानों को दिखाया गया। इसमें लघु एवं सीमांत किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई किसान सम्मान निधि योजना का प्रधानमंत्री ने बटन दबाकर शुभारंभ किया। इस योजना से जिले के 34,613 किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये पहुंच गए। इसके अलावा चयनित सात किसानों को केसीसी लोन के 16.68 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिले की सभी तहसीलों, ब्लॉकों में किसानों को दिखाया गया। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि योजना के शुभारंभ से किसानों की आय में तेजी से बढ़ोतरी होगी। जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य ने कहा कि इस योजना से किसानों को खाद, बीज, कीटनाशक आदि खरीदने में आसानी होगी। डीएम दिनेश कुमार सिंह कहा कि जिले के 34 हजार 613 किसानों के खाते में एक साथ दो-दो हजार रुपये पहुंच गए हैं। किसानों को प्रति वर्ष छह हजार रुपये डाइरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ शत प्रतिशत मिलेगा। यह धनराशि चार-चार माह के अंतराल से साल में तीन बार आएगी। प्रत्येक किसान परिवार की भूमि की गणना अलग-अलग की जाएगी। परिवारों के लघु एवं सीमांत श्रेणी में आने वाले सभी किसानों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि छूटे हुए किसानों को योजना का लाभ पाने के लिए खतौनी, आधार कार्ड व बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा करनी होगी।
कार्यक्रम के बाद में डीएम, सीडीओ, शहर विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष ने सात किसानों को पशुपालन और मछली पालन के लिए केसीसी लोन 16.68 लाख रुपये के स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर सीडीओ निशा अनंत, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम प्रशासन रामनिवास शर्मा, जिला कृषि अधिकारी/ डीडी विनोद कुमार, एलडीएम श्याम पासवान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
सहसवान। तहसील प्रशासन द्वारा कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। एसडीएम किशोर गुप्त, तहसीलदार आरएन सिंह ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष गुप्ता, राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र पाल, ज्ञानेंद्र सिंह, सुशील बाबू, चेतेंद्र शर्मा, अंकित सक्सेना आदि मौजूद रहे।
दातागंज। ब्लॉक परिसर में किसानों को कार्यक्रम दिखाया गया। किसानों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। क्षेत्रीय विधायक के भाई विनय कुमार सिंह, बीडीओ एके जादौन आदि मौजूद रहे।
बिल्सी। एसडीएम लाल बहादुर सिंह एवं तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने तहसील सभागार में कई बड़े टीवी स्क्रीन लगवाकर कार्यक्रम दिखाया। रामप्रकाश गुप्ता, शैलेंद्र शर्मा, मुनीश माहेश्वरी, पीयूश शाक्य, शेखर सक्सेना समेत क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।