राणा सोल्जर्स ने अदनान स्टार को चार विकेट से हराया
उझानी (बदायूं)। महात्मा गांधी पालिका इंटर कॉलेज के मैदान पर चल रहे बाबा इंटरनेशनल स्कूल प्रायोजित उझानी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को राणा सोल्जर्स ने अदनान स्टार को चार विकेट से हरा दिया। विजेता टीम के बंटू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट हासिल करने के साथ ही 37 रन भी बनाए। उसे मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
मैच शुरू होने से पहले पालिका सदस्य रामप्रवेश यादव ने अदनान स्टार और राणा सोल्जर्स के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने टॉस भी कराया। टॉस जीत कर अदनान स्टार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 112 रन बनाए। सबसे अधिक 28 रन का सहयोग सनी भाटी से मिला। सनी के अलावा कोई और बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। जवाब में राणा सोल्जर्स ने शुरुआत अच्छी की। टीम की ओर से बल्लेबाजों में बंटू ने 37 रन की पारी खेलते हुए चार विकेट शेष रहते जीत दिला दी। इससे पहले बंटू ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। बंटू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पालिका सदस्य ने भेंट किया। आयोजकों में योगेश प्रताप सिंह, सुशील सक्सेना, अमित प्रताप सिंह, संजीव गुप्ता ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।