अब नहीं बनती कच्ची सड़क और पंटून पुल, टैक्स वसूली जारी
बदायूं/ कादरचैक। मेला ककोड़ा 16 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन मेला की झंडी देवी मंदिर ककोड़ा से मेला स्थल पहुंचाई जाएगी। 23 नवंबर को गंगा घाट पर मुख्य स्नान होगा। मेला नजदीक आने पर जिला पंचायत ने सुतिया पुलिया का टैक्स रेट तय कर दिया है। हालांकि आम लोगों को टैक्स माफ होने का इंतजार है।
मिनी कुंभ कहा जाने वाला मेला ककोड़ा अंग्रजों के जमाने से लगता आया है। अंग्रेजों के जमाने में कादरचौक से मेला स्थल तक श्रद्धालुओं के आने जाने को कच्ची सड़क बनाई जाती थी। गंगाजी की उपधारा कच्ची सड़क के बीच में आने से लकड़ियों का पंटून पुल बनाया जाता था। इसमें आने वाली लागत के लिए मेला ककोड़ा में आने वाले श्रद्धालुओं से टैक्स वसूला जाता था। इसी को सुतिया पुलिया का टैक्स कहा जाता है। कई साल पहले कादरचौक से मेला स्थल तक पक्का रोड बन गया, जो हाईवे से जोड़ दिया गया। गंगा की उपधारा खत्म होने के बाद से पुलिया बनाने की जरूरत नहीं रही। मगर सड़क बनने के बावजूद श्रद्धालुओं को सुतिया पुलिया के टैक्स से मुक्ति नहीं मिली। जिला पंचायत की ओर से हर साल सुतिया पुलिया के नाम से टैक्स रेट तय किया जाता है। हालांकि पिछले कुछ सालों से क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि अपने स्तर से टैक्स जमा कर देते हैं, या फिर सरकार से माफ करा देते हैं। सुतिया पुलिया का टैक्स बंद कराने के लिए जिला पंचायत की ओर से कोई पहल नहीं की गई। इसकी एक वजह सुतिया पुलिया के नाम पर अवैध वसूली भी मानी जाती है।
-----------------
सुतिया पुलिया के नाम पर जिला पंचायत ने तय किए रेट
बस, ट्रक, बड़ी मिनीं बस, मैटाडोर- 450 रुपये
छोटी मिनी बस - 400 रुपये
टैक्सी, टेंपो, जीप - 200 रुपये
ट्रैक्टर-ट्राली - 150 रुपये
कार - 100 रुपये
------------
संवेदनशील कादरवाड़ी रोड पर पिछले साल लूटे थे कई लोग
मेला ककोड़ा को कादरवाड़ी रोड से जाने वालों को जाम से मुक्ति मिलेगी। मगर सुरक्षा के लिहाज से कादरवाड़ी रोड अति संवेदनशील है। पिछले पिछले साल कादरवाड़ी रोड पर कई लोगों को लूट लिया गया था। इनमें कादरचौक के ब्लाक प्रमुख कौशल कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिनेश भी शामिल रहे। लुटेरों ने कई लोगों के साथ मारपीट की थी। दरअसल कादरवाड़ी रोड के दोनों ओर गन्ने की फसल खड़ी है।
---------------
बनने लगे जन प्रतिनिधियों के कैंप मेला ककोड़ा में सांसद, विधायक और जिला पंचायत सदस्यों के कैंप लगने शुरू हो गए हैं। रविवार को जिला पंचायत कैंप लगाने को जमीन समतलीकरण के समय ट्रैक्टर दलदल में धंस गया।
----------------
आज पहुंचेगा खेल तमाशे का सामान
मेला ककोड़ा में मनोरंजन के लिए खेल-तमाशा, सर्कस आदि लगते हैं, जो सोमवार से पहुंचने लगेंगे। झूले और अन्य दुकानों का सामान भी पहुंचने लगेगा।