बदायूं। शहर के गांधी ग्राउंड पर आयोजित श्रीराम लीला में बुधवार को श्रीराम जन्म की लीला का मंचन किया गया। लीला मंचन के साथ रामायण की चौपाई भी सुनाई जा रही थीं। भगवान श्रीराम के जन्म की लीला देख दर्शक खुशी से झूम उठे। गांधी ग्राउंड पर उल्लास का माहौल था।
बुधवार को श्रीराम लीला में राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न चारों भाइयों के जन्म की लीला का मंचन किया गया। रामलीला मेला में मंचन के दौरान दिखाया गया कि राजा दशरथ की उम्र का चौथा चरण शुरू होने पर गुरु वशिष्ठ उनको पुत्र प्राप्ति को यज्ञ कराने का परामर्श देते हैं। यज्ञ के बाद राजा दशरथ की तीनों रानियां कैकयी, सुमित्रा, कौशल्या के चार पुत्र राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न का जन्म होता है। अयोध्या में राम के जन्म की जानकारी होते ही उत्सव मनने लगा और राजा दशरथ के दरबार में बधाइयां दी गई। इस बीच जब भगवान शंकर को श्रीराम के जन्म का पता चलता है, तो वह भी माता कौशल्या के पास उनके दर्शन को पहुंचते हैं, लेकिन उनके गले में सांप को देखकर वह उन्हें श्रीराम को दिखाने से इंकार कर देती हैं। तब भगवान शंकर साधु के वेश में पहुंचते हैं और श्रीराम के दर्शन करते हैं।
गणेश शोभायात्रा के साथ शुरू हुई रामलीला
बिल्सी। नगर के मेला ग्राउंड पर गोशाला रामलीला कमेटी के तत्वावधान में होने वाला रामलीला मेला बुधवार को भगवान गणेश जी शोभायात्रा एवं वानर जुलूस से शुरू हो गया। नगर में रामलीला मैदान से गणेश जी शोभायात्रा एवं वानर जुलूस शुरू हुआ। जो नगर के कटरा बाजार, बंबा चौराहा, सराफा बाजार, बालाजी चौक, क्षत्रिय कॉलोनी होती हुई पुन: रामलीला मेला मैदान पर जाकर समाप्त हुई। जिसका जगह-जगह नगर के व्यापारियों ने स्वागत किया। इस मौके पर मेला कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
श्री रामलीला से पहले झंडी शोभायात्रा निकाली
बिसौली। नगर में आयोजित श्री रामलीला शुरू होने से पहले बुधवार को झंडी शोभायात्रा निकाली गई। झंडी शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक कुशाग्र सागर ने बडे मंदिर में श्री गणेश पूजन के साथ किया।
नगर के बड़े मंदिर से शुरू हुई झंडी शोभायात्रा बीच का कुंआ, बुद्ध बाजार, मेनरोड, गदरपुरा, पिंदारा रोड, सराय आदि इलाकों में होकर रामलीला ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हो गई। शोभायात्रा के साथ चल रहे बैंडबाजे पर धार्मिक गीत बज रहे थे। इस अवसर पर रामप्रकाश गुप्ता, अखिलेश शर्मा, सभासद मोनू महाजन बिन्नी शर्मा, मोनू महाजन मौजूद रहे। ब्यूरो