वजीरगंज । वजीरगंज क्लब की ओर से एबीएस पब्लिक स्कूल में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मलेन में दूर-दराज से आए कवियों ने अपनी रचनाएं सुनाकर लोगों को जहां आनंदित किया वहीं विसंगतियों पर तीखे प्रहार करलोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। कवि सम्मलेन का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया। निवर्तमान चेयरमैन मोहम्मद उमर कुरैशी, वजीरगंज क्लब के पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अलीगढ़ से आए कवि विजय प्रकाश भरद्वाज ने कुछ यूं फरमाया, इससे बड़ी उदारता का क्या होगा प्रमाण, समझौते में तुझे सिंधु वाला नीर दिया है। गीतकार डॉ. राहुल अवस्थी ने कुछ यूं कहा कि- सबको ही है नाज अकीदत पर अपनी, हमको ये अभिमान क्यों नही हो सकता। यदि खंभे में शैतान छिपा हो सकता है, तो पत्थर में भगवान क्यों नहीं हो सकता। बिसौली के अभीक्ष पाठक ने कहा कि कुछ को चढ़ाओ कुछ को गिराने के वास्ते, हमराह कर लो अपनी हुकूमत के रास्ते। अलीगढ से आए कवि मणि मधुकर मूसल ने कहा कि- देश को जरूरत है लज्जाशील नारियों की, मुन्नी और शीला की जवानी नहीं चाहिए। मुंबई से आए गीतकार दुर्वेश दुबे ने पढ़ा कि रोज ही एक अध्याय जुड़ता, जहां जिंदगी वो अधूरा उपन्यास है। दिल्ली से आए गीतकार पंकज शर्मा ने कहा मैं तुम्हारा ही था मैं तुम्हारा ही हूं, हर जनम में तुम्हारा रहूंगा। वजीरगंज के कवि आदित्य तोमर ने कहा- तुम हो तो हर दिन होली है, तुम हो तो हर रात दिवाली। बिना तुम्हारे पर्व सभी ये सूने सूने खाली-खाली।
बिल्सी से पधारी कवयित्री वेदऋचा माथुर ने कहा कि क्यों फर्क कर रहे हो शराफत का दौर है, इंसान के लहू की तो पहचान एक है।
कवि कुलदीप अंगार ने कुछ यूं कहा कि- मेरे ही बुजुर्गों ने दिया ये प्रमाण है, हां हमारे बाप का हिंदोस्तान है। कवि सम्मलेन से पूर्व दीपावली महोत्सव में हुई रंगोली प्रतियोगिता में चंचल सक्सेना प्रथम, देविका द्वितीय व प्रियांशी तृतीय, दीप सजाओ में देविका प्रथम, ,खुशी द्वितीय व काजल तृतीय, पोस्टर सजाओ में अंशिका प्रथम, प्रिंस द्वितीय, प्रियांशी शर्मा तृतीय, नृत्य प्रतियोगिता में नविका प्रथम, सेजल व टांय द्वितीय, राजदीप व मयंक तीसरे स्थान पर रहे। इन्हें सम्मानित किया गया। आयोजन में क्लब अध्यक्ष वेदप्रकाश वार्ष्णेय, आदित्य तोमर, सुग्रीव वार्ष्णेय, योगेंद्र वार्ष्णेय, अमित वार्ष्णेय, अभिषेक, कमल, निखिल मिनोचा आदि का सहयोग रहा।