कादरचौक।
कस्बे की सैकड़ों सालों से चली आ रही रामलीला का शुभारंभ मंगलवार को हो गया। श्री अवध बिहारी रामलीला कला मंडल अयोध्या फैजाबाद की नाट्य कला परिषद के ने रामलीला का मंचन किया। प्रबंधक पुजारी लाल शर्मा ने बताया कि रामलीला एक पुरातन परंपरा है, जो लोगों को जीवन की कला सिखाती है। वर्तमान समय में मंचीय कलाओं का हृास हुआ है, लेकिन रामलीला कभी समाप्त नहीं हो सकती। पश्चात सभ्यता युवाओं पर हावी हो रही है। जो हमारी लोक विधाओं को खत्म कर रही है। 11 साल से मंडल काम कर रहा है। स्कूलों में पढ़ाई करने वाले छात्रों के हाथों में अब मंच पर अभिनय के समय कलम और किताब की जगह धनुश, वाण और तलवार ने ले ली है।
--
मुकेश ने किया राम का अभिनय
स्नातक की पढ़ाई कर रहे राम के किरदार को निभाने वाले मुकेश ने बताया कि पिछले 10 साल से अभिनय कर रहे हैं। वहीं पढ़ाई के साथ इस काम को भी अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है। मुकेश ने बताया कि इस अभिनय को निभाते हुए युद्ध कला के मंचन में कई बार चोट भी लगी। दर्शकों को अभिनय पसंद आए यही प्रयास रहता है।
--
रवि बनते हैं लक्ष्मण
कक्षा 8 में कांवेंट स्कूल में पढ़ने वाला रवि लक्ष्मण के अभिनय को निभाता है। बचपन से ही अभिनय की कला को सीखने का प्रयास किया। रामलीला मंचन के दिनों स्कूल से छुट्टी के बाद हाथों में किताब और कलम नहीं धनुश वाण रहते हैं। दो साल से रामलीला में लक्ष्मण का अभिनय निभा रहा है।
--
सीता बना अरविंद कुमार
कक्षा 8 में ही पढ़ने वाले बहराइच के अरविंद कुमार सीता के अभिनय को बखूवी निभाते हैं, चार भाईओं में सबसे बड़े अरविंद कुमार ने कहा कि मां सीता का अभिनय करने से आत्म को शांति मिलती है। मां सीता ने हमेशा कष्टों को झेलकर सत्य और नारी धर्म का पालन किया।
---
शिव विवाह के साथ रामलीला का शुभारंभ
इस्लामनगर। श्री रामलीला कमेटी के तत्वाधान में होने वाले रामलीला मेले का संगीतमय शिव विवाह के साथ शुभारंभ हुआ। मेला कमेटी अध्यक्ष कुलदीप गुप्ता ने बताया की 25 सितंबर तक रामलीला का मंचन मुख्य बाजार में होगा। 26 सितंबर को राम बारात के बाद रामलीला का मंचन रामलीला बाग में होगा। इस मौके पर अतुल वैश्य, निखिल गुप्ता, विनोद शंखधार, तिलोकी गुप्ता, मुकुल गुप्ता, मुकेश गुप्ता आदि प्रमुख रहे।