बिसौली। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, सातवें वेतनमान की अनुशंसाओं को लागू करने, शिक्षा एवं शिक्षकों की समस्याओं के निस्तारण कि लिए राष्ट्रीय प्रारंभिक शिक्षक आयोग का गठन करने आदि मांगों को लेकर पांच अगस्त को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी बदायूं को दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से पूरे देश में पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर संघर्ष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन और दूसरे चरण में ब्लॉक कार्यालयों पर प्रदर्शन का कार्यक्रम हो चुका है। तीसरे चरण में पांच अगस्त को पूरे उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया जाएगा। चौथे चरण में शिक्षक दिवस के दिन पांच सितंबर को सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एकत्र होकर प्रदेश मुख्यालय पर ज्ञापन देंगे। इसके उपरांत अंतिम चरण में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल सिंह और राष्ट्रीय महासचिव कमलाकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में पांच अक्तूबर को विश्व शिक्षक दिवस के दिन पूरे देश के शिक्षकों की ओर से जंतर मंतर दिल्ली में प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया जाएगा। सिंह ने पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर सभी शिक्षक शिक्षिकाओं से बदायूं पहुंचने की अपील की।