फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: कल्लिया काजमपुर गांव में 160 लोग बुखार से पीड़ित, पांच में मलेरिया की पुष्टि

Thu, 04 Sep 2025 01:18 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

कल्लिया काजमपुर में चार दिनों में तीन लोगों की मौत के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम तो गांव पहुंची। स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की। गांव में 160 से अधिक बुखार के मरीज मिले हैं। 
विज्ञापन
कल्लिया काजमपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर जांच की। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के कुंवरगांव क्षेत्र के कल्लिया काजमपुर गांव में बुखार से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 160 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। पांच लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। गांव के हर तीसरे घर के लोग बीमार है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शिविर लगाकर मरीजों को दवाएं दी हैं।

विज्ञापन


मौसम में आए बदलाव के बाद कल्लिया काजमपुर गांव के कई लोग वायरल फीवर के शिकार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि हर तीसरे घर का कोई न कोई बुखार से पीड़ित है। बच्चों और बुजुर्गों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। गांव में दवा छिड़काव और फॉगिंग न होने से लोगों में गहरी नाराजगी है। 

ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते स्वास्थ्य महकमा सक्रिय नहीं हुआ। इससे हालात बिगड़ गए। वहीं सफाई व्यवस्था भी ज्यादा बेहतर नहीं है। बुधवार को यहां पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों को तत्काल दवा उपलब्ध कराई और गांव में ओआरएस, क्लोरोक्विन, पैरासिटामोल सहित अन्य दवाएं बांटीं। 
विज्ञापन


साथ ही गांव में स्वच्छता और मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गांव में लगातार निगरानी रखी जाएगी और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार किया जाएगा। वहीं गांव में मलेरिया की टीम ने दवा का छिड़काव भी किया।

 

Trending Videos

ग्रामीणों में दहशत 
कल्लिया काजमपुर गांव में फैली बीमारी को लेकर दहशत का माहौल है। तीन मौतों के बाद लोग भयभीत हैं और कई परिवार अपने बच्चों को रिश्तेदारों के यहां भेजने की तैयारी में हैं। गांव की ब्रह्म देवी, फूलवती का कहना है तीन मौतों के बाद में टीम है। हम तो अपने बच्चों को कुछ दिन के लिए बाहर भेजने की तैयारी कर रहे हैं।

तीन झोलाछाप की दुकानें रहीं बंद, बैनर भी उतारे
कल्लिया काजमपुर में तीन झोलाछाप अभी तक गांव में घर-घर जाकर इलाज कर रहे थे। जब उनको पता चला कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम आ रही तो वह अपनी दुकान बंद करके भाग गए। यहां तक की वह दुकानों के बाहर चस्पा बैनर तक उखाड़ दिए हैं।

चार दिनों में तीन की मौत के बाद गांव पहुंची टीम, खानापूर्ति कर लौटे
कल्लिया काजमपुर में चार दिनों में तीन लोगों की मौत के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम तो गांव पहुंची। घर-घर बुखार से लोग कराह रहे हैं। सोमवार को टीम ने प्राथमिक विद्यालय परिसर में शिविर लगाकर 160 मरीजों की जांच की और उन्हें दवाइयां दीं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि वहां कोई गंभीर मरीज नहीं मिला। ग्रामीणों के अनुसार बड़ी संख्या में लोग ऐसे हैं जो बिस्तर से उठने लायक भी नहीं हैं। 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर स्थिति का जायजा नहीं लिया। मरीजों के हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। कई घरों में एक साथ दो-दो लोग बीमार हैं। हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव और गंदगी फैली है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है और संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मौत होने के बाद ही विभाग की टीम गांव में आई और अब भी केवल खानापूर्ति करके लौट गई। 

क्या बोले लोग
छह-सात दिन से बुखार आ रहा है। प्राइवेट डॉक्टर से दवा ली, लेकिन फायदा नहीं हुआ। आज कैंप में दवा लेने आया हूं। टीम गांव में घर-घर जांच करने नहीं गई। - हेतराम, बुखार से पीड़ित
गांव में जगह-जगह पानी भरा है और गंदगी फैली है। पिता प्रेमपाल सिंह कई दिनों से बुखार से उठ नहीं पा रहे थे। टीम एक जगह बैठी रही, मजबूरी में उन्हें खटिया से उठाकर शिविर तक ले गया। - संजीव कुमार, ग्रामीण
तीन दिन से बुखार है। उम्मीद थी कि टीम घर तक आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालत खराब होने की वजह से शिविर तक नहीं जा पाई, इसलिए सरकारी जांच भी नहीं हो सकी। - प्रेमवती, बुखार से पीड़ित
ठंड के साथ तेज बुखार आ रहा है। दवा खाने पर हल्की राहत मिलती है, लेकिन हाथ-पैर में बिल्कुल दम नहीं है। ऐसे में शिविर तक नहीं पहुंच सका और मेरी जांच भी नहीं हो पाई। - कल्लू, बुखार से पीड़ित
विज्ञापन

गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। उसमें पांच मलेरिया पॉजिटिव मिले थे। बाकी लोग सामान्य बुखार से पीड़ित है। सभी की जांच कराई गई है। सभी मरीजों को दवाएं दी गई हैं। गांव में साफ सफाई के लिए कहा गया है। मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव भी करवाया गया है। - डॉ. तहसीन, जिला सर्विलांस अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें