सरकारी जमीन पर किया गया पक्का निर्माण कार्य । संवाद
बदायूं। तहसील प्रशासन की जांच में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का मामला प्रकाश में आया है। दबंगों ने उसावां नगर पंचायत और परिवहन निगम की जमीन पर 16 दुकानें और तीन मकान बना लिए हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत हुई तो डीएम अवनीश राय ने तहसील प्रशासन को जांच के निर्देश दिए। मौके पर जांच टीम पहुंची तो कब्जेदारों में अफरातफरी मच गई। तहसील की टीम ने शाम तक जांच रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
उसावां के रहने वाले अजीत गुप्ता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर 22 जुलाई को शिकायत की थी। बताया था कि कस्बे में 16 दुकानें व तीन आवास परिवहन निगम व नगर पंचायत की जमीन पर अवैध रूप से बनवाए गए हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम अवनीश राय ने तहसीलदार दातागंज छविराम को जांच सौंपी। बुधवार को लेखपाल राहुल कुमार सिंह और कानूनगो ने जांच की। जांच में सामने आया है कि रोडवेज और नगर पंचायत की जमीन पर 16 दुकान और तीन मकान बना लिए गए हैं। इसके अलावा पुलिस चौकी के पीछे बनाया गया गोदाम भी सरकारी जमीन पर है। तहसीलदार दातागंज ने राजस्व टीम की जांच आख्या डीएम कार्यालय भेज दी है। रिपोर्ट ने लिखा गया है कि नारायन गुप्ता, राजीव गुप्ता, मुकेश गुप्ता आदि ने अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण करवा लिया है। इस जांच में कस्बे में खलबली मच गई है। रिपोर्ट के आधार पर आने वाले दिनों में अवैध कब्जा ढहाने की कार्रवाई हो सकती है।
कोट
- डीएम के आदेश राजस्व की टीम को मौके पर भेजा गया था। जांच में पाया गया कि नगर पंचायत और रोडवेज की जमीन पर 16 दुकान और तीन मकानों का निर्माण किया गया है। जांच रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। जो भी निर्देश मिलेंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - छविराम सिंह, तहसीलदार, दातागंज