बिजली बिल जमा करने में सुस्त उपभोक्ताओं से बिजली राजस्व वसूली को बिजली विभाग ने सख्त रुख अख्तियार किया है। एसडीओ सदर छैल बिहारी के नेतृत्व वाली बिजली विभाग की सिटी टीम ने आवास विकास और नेकपुर में छापेमारी की। बकाया अदा न करने वाले 16 उपभोक्ताओं के घरेलू कनेक्शन काट दिए। इसमें सर्वाधिक नेकपुर में 12 और आवास विकास में चार कनेक्शन काटे गए हैं। इन कनेक्शन धारकों पर बिजली विभाग का 4.76 लाख रुपये बकाया है। उपभोक्ताओं को चेताया है कि कनेक्शन किसी तरह जुड़वाया गया तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
यहां बता दें कि 17.13 लाख रुपये के बकाया का भुगतान नहीं होने पर बिजली विभाग ने 37 उपभोक्ताओं के खिलाफ आरसी काटी गई है। बिजली विभाग की बढ़ती सख्ती से बिजली उपभोक्ताओं में खलबली मची हुई है। एसडीओ सदर ने कहा है कि उपभोक्ता कठोर कार्रवाई से बचने के लिए बकाया धनराशि जमा करें।