उसावां रोड पर ई-रिक्शा से बच्चों को उतारते परिवहन विभाग के अधिकारी। स्रोत-वीडियोग्रेब
- फोटो : विभाग
बदायूं। अवैध रूप से ई-रिक्शों से स्कूली बच्चों को स्कूल लाने और घर ले जाने पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। असुरक्षित तरीके से बच्चों को ले जाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को एआरटीओ ने उसावां रोड पर अवैध रूप से बच्चों को ले जा रहे ई-रिक्शा को रोक लिया और उसमें बैठे 16 बच्चों को उतारा। एआरटीओ हरिओम ने सभी बच्चों को अपने वाहन से दो बार में स्कूल तक पहुंचाया। इसके बाद ई-रिक्शा को सीज कर दिया। इसके अलावा अन्य चार ई-रिक्शा को भी सीज किया गया। स्कूल संचालकों को भी चेतावनी दी गई है।
10 अक्तूबर को अमर उजाला में अवैध रूप से ई-रिक्शा चालकों द्वारा स्कूली बच्चों को ले जाने की खबर व फोटो प्रमुखता से प्रकाशित किए गए थे। इसके बाद से परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार सुबह डीएम के निर्देश पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ ने स्कूली में बच्चों को लाने-ले जाने में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन कर स्कूली बच्चों का परिवहन करने वाले पांच ई-रिक्शा को सीज कर दिया। ई-रिक्शा में बैठे बच्चों को सुरक्षित निजी वाहन में बैठाकर स्कूलों को पहुंचाया गया।
एआरटीओ हरिओम ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के आवागमन को सुरक्षित बनाना है। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने के लिए स्कूली वाहन नियमावली-2019 के अनुरूप सुरक्षित एवं नियमानुसार संचालित वाहनों का ही प्रयोग करें।
उसावां रोड पर ई-रिक्शा से बच्चों को उतारते परिवहन विभाग के अधिकारी। स्रोत-वीडियोग्रेब- फोटो : विभाग