बिल्सी। युवा क्रांतिकारी छात्र संगठन की बैठक कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कहा कि यहां पर जीजीआईसी नहीं होने की वजह से छात्राओं को आगे की पढ़ाई करने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगराध्यक्ष शब्लू खान ने कहा कि जिले की बिल्सी एक ऐसी तहसील है। जिसमें कोई भी राजकीय कन्या इंटर कॉलेज नहीं है। इस वजह से क्षेत्र की गरीब-निर्धन छात्राओं के सामने कक्षा आठ के बाद आगे की पढ़ाई को लेकर संकट खड़ा हो जाता है। छात्र संगठन व अभिभावकों ने इसको लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया। मगर किसी ने उनकी इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। जिला उपाध्यक्ष चंगेज खान ने कहा कि नगर में उच्च शिक्षा के लिए एक मात्र महाराणा प्रताप राजकीय डिग्री कॉलेज है। जो लंबे समय से विभागीय अधिकारियों की उदासीनता का शिकार होता रहा है। वर्तमान कॉलेज में केवल कला संकाय की कक्षा संचालित की जा रही है। क्षेत्र के छात्रों को बीएससी-बीकॉम की पढ़ाई के लिए आज भी बाहर जाना पड़ता है। विभाग को चाहिए वह कॉलेज में इन दोनों संकायों की कक्षाएं भी शीघ्र संचालित कराएं। बैठक में छात्रों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर सोहिल खान, राहुल सोंलकी, जीनुस अंसारी, हैदर अंसारी, अनस अंसारी, विकास आर्य, अभिषेक सागर आदि मौजूद रहे।