बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम दियोरीजीत में सोमवार सुबह बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से झुलस गया। परिवार वाले उसे जिला अस्पताल ले गए है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे का है। उस वक्त बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम दियोरीजीत निवासी करन (13) पुत्र इंद्रपाल और उवेश (10) पुत्र अनिल अपने घर के बाहर सड़क पर खेल रहे थे। उस समय हल्की-हल्की बरसात हो रही थी। दोनों लड़के बरसात का आनंद ले रहे थे कि उसी समय अचानक तेज आवाज के साथ दोनों के ऊपर बिजली गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बिजली इतनी जबरदस्त तरह से गिरी थी कि करन मौके पर ही गिर गया, जबकि उवेश कुछ दूर था। इससे वह गंभीर रूप से झुलसकर सड़क पर जा गिरा। बिजली गिरने से सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए थे। बिजली गिरने की आवाज सुनकर दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक करन की मौत हो चुकी थी। उवेश सड़क पर पड़ा छटपटा रहा था। उसकी हालत देखकर परिवार वाले उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए। सूचना थाना पुलिस को भी दी गई, जिससे बिनावर एसओ हरिभान सिंह राठौड़ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंद्रपाल ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी है, जिनमें छोटे बेटे करन की मौत हो गई। बेटी रेखा की शादी कर चुके हैं। बड़ा बेटा अर्जुन (16) पढ़ाई कर रहा है।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार, दिया मदद का आश्वासन
- बिजली गिरने की सूचना मिलते ही तहसीलदार सदर रामनारायन सिंह ग्राम दियोरीजीत पहुंच गए। उन्होंने परिवार वालों को सांत्वना दी और उन्हें विश्वास दिलाया कि प्रशासन की ओर से जो भी संभव होगा, आर्थिक मदद की जाएगी। इसके लिए परिवार वाले परेशान न हों।