बदायूं। यू-डायस प्लस पोर्टल पर कक्षा एक से 12 तक का डाटा अपलोड होना है। इसके लिए कई बार कहने के बावजूद भी निजी स्कूल संचालक ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में डीआईओएस ने सभी स्कूल के प्रधानाचार्यों, प्रबंधक को चेतावनी दी है कि वे जल्द से जल्द सभी डाटा पोर्टल पर अपलोड कराएं, वरना मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के नए तैयार किए गए रियल टाइम ऑन लाइन सॉफ्टवेयर यू-डायस प्लस पर जिले के कक्षा एक से इंटर तक के सभी स्कूलों का डाटा अपलोड किया जाना है, लेकिन अंतिम तिथि निकल जाने के बाद भी अभी तक डाटा अपलोड नहीं किया है। इस पर डीआईओएस राममूरत ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी स्कूल संचालक व प्रधानाध्यापक को निर्देेशित किया है कि वे जल्द से जल्द यू-डायस पर डाटा अपलोड करा दें नहीं तो मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। क्योंकि विद्यालय प्रबंधन की ओर से की गई लापरवाही के चलते शासन तक प्रमुख सूचना नहीं पहुंच पा रही हैं।