बदायूं। कभी जिले में अपनी अलग पहचान रखने वाला गिंदो देवी डिग्री कॉलेज अब छात्राओं की राह देखता नजर आ रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेज में 640 सीट एडमिशन के लिए दी गई हैं, लेकिन इस बार अभी तक मात्र दो सौ 70 छात्राओं ने ही कॉलेज में आवेदन किया है। इससे इतर राजकीय डिग्री कॉलेज में आवेदन के लिए मारामारी हैं, यहां निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
एक समय था कि जब शहर में नेहरू मेमोरियल शिव नारायण दास लड़कों की पहली पसंद था, जबकि गिंदो देवी महिला डिग्री कॉलेज छात्राओं की पहली पसंद थी। लेकिन जब से राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज शहर में खुला है, तब से छात्राओं ने गिंदो देवी महिला डिग्री कॉलेज की ओर जाना छोड़ दिया है। हालात ये हैं विश्वविद्यालय की ओर से तीन बार एडमिशन की तिथि को बढ़ाने के बावजूद भी अभी तक मात्र दो सौ छात्राओें ने एडमिशन के लिए आवेदन किया है, जबकि कॉलेज को विश्वविद्यालय की ओर से 640 सीट निर्धारित की गई हैं।
राजकीय डिग्री कॉलेज की बात करें, तो यहां पर अभी 420 सीटें बीए में है, जिन पर 585 छात्राओं ने आवेदन किया है। जबकि बीकॉम में 120 सीटों पर 82, बीएससी बायो में 60 सीटों पर 223 और बीएससी मैथ में 60 सीटों पर 52 छात्राओं ने एडमिशन के लिए आवेदन किया है।
कॉलेज में छात्राओं को बेहतर व्यवस्था देने की कोशिश की जा रही है। यही वजह है कि छात्राओं की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। कॉलेज में जो छात्राएं एडमिशन चाहती हैं, वह केवल विश्वविद्यालय की रसीद कॉलेज में जमा कर दें। इसके बाद में विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देशानुसार लिस्ट चस्पा कर दी जाएगी।
-डॉ. स्मिता जैन, प्राचार्य राजकीय महिला डिग्री कॉलेज