बदायूं। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग का काफी बेहाल है। हालात ये हैं कि विभाग के मुखिया की ओर से जब भी बैठक तय की जाती है, तो कुछ खंड शिक्षा अधिकारी अपनी हठधर्मिता के चलते उनमें प्रतिभाग नहीं करते हैं। हालात ये है कि कई मर्तबा तो बीईओ बीएसए तक का फोन नहीं उठाते हैं। यही वजह है कि कई महत्वपूर्ण सूचनाएं शासन तक नहीं पहुंच पा रही है। बीएसए रामपाल सिंह राजपूत ने 28 और 29 मई को जिला मुख्यालय पर बैठक ली। इसमें उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को बुलाया था, लेकिन इसमें इस्लामनगर के बीईओ जगदीश चंद्र और सहसवान के सिद्दीकी अहमद नहीं पहुंचे। इससे पहले भी कई बार बीएसए ने बीईओ फोन किए, लेकिन उनका फोन नहीं रिसीव हुआ। इस वजह से कई महत्वपूर्ण जानकारी शासन स्तर तक नहीं जा पायी। इसके चलते बीएसए ने संबंधित दोनों खंड शिक्षा अधिकारी के वेतन पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है।