बिल्सी। क्षेत्र में लंबे समय से चल रही बिजली कटौती से आक्रोशित गांव नगला डल्लू के किसानों ने बुधवार को नगर के विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया, साथ ही शीघ्र कटौती बंद न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान उजागर सिंह शाक्य ने कहा कि बिल्सी विद्युत उपकेंद्र से ग्रामीण क्षेत्र को आपूर्ति पूरी तरह से मनमाने ढंग से दी जा रही है। वर्तमान में क्षेत्र को 24 घंटे में तीन-चार घंटे ही आपूर्ति मिल रही है, जिसके कारण क्षेत्र के किसान खेतों में खड़ी अपनी फसलों की सिंचाई भी नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण उनकी फसलें खेत में सूख रही है। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को कम से कम 16 घंटे आपूर्ति दिलवाए जाने के लिए आदेश दे रही है, बावजूद इसके यहां किसानों को निर्धारित रोस्टर के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही। उन्होने कहा कि यदि शीघ्र इस कटौती को बंद नहीं किया गया तो क्षेत्र के किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगें, जिसकी सारी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी। प्रदर्शन करने वालों में किसान देवेंद्र शाक्य, प्रेमपाल मौर्य, रिहान, गंगासिंह शाक्य, भूरे सिंह मौर्य, मोरपाल, नत्थू लाल, विजेंद्र सिंह शाक्य, शकील, लालता प्रसाद, होरीलाल शाक्य, कैलाश शाक्य, दुर्गपाल सिंह आदि मौजूद रहे।