पारा गिरने से बढ़ गया सर्दी का अहसास
बदायूं। बुधवार को दिन का मौसम अपेक्षाकृत ज्यादा सर्द रहा। हालांकि धूप निकलने से लोगों को राहत मिली, लेकिन पारा लुड़कने से सर्दी का अहसास ज्यादा रहा। मंगलवार को जहां न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस था, वहीं बुधवार को यह सात ही रह गया। मौसम में गलन बढ़ गई जो शाम होते-होते मुसीबत बनने लगी।
जनवरी का दूसरा पखवाड़ा चल रहा है। हालांकि कोहरे ने अभी दस्तक नहीं दी है, जिससे लोग राहत महसूस कर रहे हैं। वरना ये कोहरा जान का दुश्मन साबित हो जाता। धूप से लोगों को राहत महसूस हो रही है। लोग यह भी कह रहे हैं कि जनवरी में सर्दी तो पड़ेगी ही, लेकिन अगर कोहरा न हो तो बहुत अच्छा है। बुधवार को सुबह से ही धूप खिल गई। शाम को सर्द हवा ने ठंड बढ़ा दी। स्कूलों में छोटे बच्चों की संख्या कम रही वहीं सरकारी दफ्तरों में भी कर्मचारी आराम फरमाते दिखाई दिए। इस ठंड में गरीबों का सहारा तो केवल अलाव ही हैं। जहां इनकी व्यवस्था नहीं हो रही है, वहां लोग कागज और कूड़ा करकट जलाकर ही काम चला रहे हैं।