बदायूं/ दातागंज। रिजोला में लगे सौर ऊर्जा प्लांट पर मंगलवार दूसरे दिन भी हंगामा हुआ। हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्लांट संचालकों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का गुस्सा देख प्लांट पर मौजूद कर्मचारी खामोश रहे।
रिजोला ग्राम पंचायत के मजरा माधुरी नगला में 56 मेगावाट का सौर ऊर्जा का प्लांट निर्माणाधीन है। 1270 बीघा जमीन पर बन रहे इस प्लांट के निर्माण की जिम्मेदारी यूपी सरिला ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड मुंबई को दी गई है। सरिला कंपनी ने जमीन खरीदने और प्लांट लगाने की जिम्मेदारी नीलकंठ प्राइवेट लिमिटेड इनर्जिक गाजियाबाद को दी है। यह कंपनी पूरा प्लांट तैयार करके सरिला कंपनी को हस्तांतरित करेगी। प्लांट का निर्माण शुरू होने के कुछ दिन बाद से ग्रामीण वहां आए दिन हंगामा करते रहते हैं। सोमवार को दर्जनों ग्रामीणों ने प्लांट पर जाकर खूब हंगामा किया था। वहां पहुंचे जीएम को घेर लिया गया था। मंगलवार को फिर काफी ग्रामीण हाथों में लाठी-डंडे लेकर प्लांट पर जा पहुंचे और दिनभर धरना-प्रदर्शन करते रहे। धरने पर बैठे ग्रामीणों का आरोप था कि उनके सहखातेदारों ने अपनी जमीन बेची है, लेकिन कंपनी वालों ने पूरी जमीन पर कब्जा रखा है। कुछ लोगों को यहां के बदले दूसरी जमीन दिलाने का वायदा किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके साथ धोखाधड़ी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी जमीन किसी हाल में नहीं देंगे। वे मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ डीएम और एसडीएम से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या दूर नहीं हुई है। इसलिए उनको आंदोलन को मजबूर होना पड़ा है। धरना-प्रदर्शन करने वालों में मनीराम, ब्रजलाल, दयाराम, रामौतार, कर्मवीर, हरीराम, जोगपाल, बादाम सिंह आदि रहे।
नियम विरुद्ध खरीद ली जमीन
तहसील प्रशासन सूत्रों के मुताबिक नियमानुसार एक व्यक्ति से 12.05 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा सकती है। मगर प्लांट वालों ने 63.721 हेक्टेयर तक जमीन खरीद ली।
दलितों की जमीन भी खरीद ली
दातागंज तहसील के हल्का लेखपाल और कानूनगो सुखवीर सिंह के मुताबिक किसानों की शिकायत पर की गई जांच में पांच दलितों की जमीन खरीदने का मामला सामने आया। आरोप है कि यह जमीन बिना प्रक्रिया के खरीदी गई।
जमीन बेचने वाले किसानों को कोई दिक्कत नहीं है। उनमें से न कोई विरोध कर रहा है। सीधे-साधे किसानों को कुछ दलाल बहकाकर उत्पात करा रहे हैं। जमीन खरीदने संबंधी मामला एडीएम कोर्ट में चल रहा है। दलितों की जमीन दलित के नाम से खरीदी गई है। दलाल उत्पात करने से बाज नहीं आएंगे तो कानून का सहारा लिया जाएगा।
- शिव कुमार गौड़, एमडी यूपी सरिला ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड