कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित अमर उजाला के भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार के हाथों मेडल और प्रशस्ति पत्र पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे। उनके चेहरों की चमक साबित कर रही थी कि उनको मिला यह सम्मान आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा है। शहर विधायक और डीएम-एसएसपी ने बच्चों को शुभकामनाएं देने के साथ मेहनत लगन से पढ़ाई करके परिवार और जिले का नाम रोशन करने का संदेश दिया।
अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह के दौरान डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी अशोक कुमार ने मेधावियों से सीधे बात की। उन्होंने अमर उजाला को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है। फिर उन्होंने मेधावियों से कहा कि सफलता के लिए परिश्रम करना आवश्यक है। लेकिन साथ में संकल्प भी लें और फिर जुुनून के साथ काम करें। डीएम ने कहा कि अपने गुरु का हमेशा सम्मान करें, क्योंकि बच्चों को आगे बढ़ता देख गुरु हमेशा प्रसन्न होते हैं। वहीं मां-बाप के लिए तो हर्ष का विषय होता ही है।
अमर उजाला के भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के उन 38 मेधावियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 10 वीं और 12 वीं की परीक्षा में टॉप कर बदायूं का नाम रोशन किया। इस मौके पर अफसरों ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की।