अमर उजाला का भविष्य
ज्योति सम्मान आज
यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई के टॉपर्स किए जाएंगे सम्मानित
कलक्ट्रेट सभागार में होगा सम्मान समारोह, विद्यार्थियों का किया जाएगा उत्साहवर्धन
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह 10 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह कलक्ट्रेट सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगा। इसमें डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी अशोक कुमार यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई के टॉपर्स को सम्मानित करेंगे।
अमर उजाला हर वर्ष राज्य स्तर पर मेधावियों को सम्मानित करता है। इस साल यह कार्यक्रम जिला स्तर पर किया जा रहा है। समारोह में यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई में ऐसे दसवीं और 12वीं कक्षा के मेधावी सम्मानित किए जाएंगे, जिन्होंने जिला, प्रदेश और देश स्तर पर सफलता पाकर अपने जिले और शहर का नाम रोशन किया हो।
इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी अशोक कुमार होंगे। अतिथि टॉपर्स को मेडल पहनाकर सम्मानित करेंगे। सभी मेधावियों को अमर उजाला की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल प्रदेश की टॉप टेन सूची में शामिल रहे द्रोपदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र ध्रुव परमार और केशव समारोह में मौजूद रहेंगे। शहर के ब्लूमिंगडेल स्कूल, फ्लोरेंस नाइटेंगल, मदर एथिना स्कूल, आरके पब्लिक स्कूल मुजरिया, डीपॉल स्कूल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज, शिवदेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज समेत कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने टॉप टेन में स्थान अर्जित किया था। इन सभी विद्यालयों के टॉपर्स को इस कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।