15 मिनट के अभियान
में 44 वाहन पकड़े गए
17 नाबालिग मिले, सभी के वाहनों को किया गया सीज
अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज। नाबालिगों के सड़कों पर तेजी से वाहन दौड़ाने के खिलाफ मंगलवार को एसएसपी अशोक कुमार ने अपने सामने ही चेकिंग अभियान चलवाया। क रीब 15 मिनट के अभियान में 44 वाहन पकड़े गए। सभी को सीज किया गया। काबिले गौर है कि इनमें 17 नाबालिग वाहन चला रहे थे। एक बच्चे को ई-रिक्शा चलाने पर हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
पुलिस के अभियान से दोपहिया वाहन चालकों में अफरा-तफरी मची रही। अक्सर सड़कों पर नाबालिग दोपहिया वाहनों को चलाते देखे जा सकते हैं। इसे एसएसपी अशोक कुमार ने गंभीरता से लिया है। मंगलवार को यहां पहुंचे एसएसपी अशोक कुमार ने कोतवाली के सामने अपने सामने ही वाहन चेकिंग अभियान चलवाया। एसएसपी के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस में खलबली सी मच गई थी। करीब 15 मिनट तक एसएसपी के सामने चले अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न खामियां मिलने पर 44 वाहनों को सीज कर दिया। इनमें 17 नाबालिग दोपहिया वाहन चला रहे थे। एक बच्चा ई-रिक्शा चला रहा था। जिसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया। एसएसपी ने कहा है कि हाईकोर्ट का भी निर्देश है कि नाबालिगों के वाहन चलाने पर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन निरस्त किया जाए। इस अभियान के पीछे यह उद्देश्य है कि बच्चों के माता-पिता खुद में सुधार लाएं और नाबालिगों के हाथ में वाहन न दें।