दूरदराज के कई परिषदीय स्कूलों में कराई जा रही नकल
शहर और आसपास के स्कूलों में व्यवस्थित चलती मिलीं परीक्षाएं, बीएसए ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
बेसिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं सोमवार से जिले भर में शुरू हो गईं। शहरी और आसपास के गांवों में स्थित स्कूलों में परीक्षाएं अच्छी तरह से संचालित हुईं, लेकिन दूरदराज के स्कूलों में बच्चों को किताबों से नकल कराए जाने के मामले सामने आए। बीएसए पीसी यादव के अलावा अन्य विभागीय टीमों ने कई स्कूलों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
सोमवार से शुरू हुई परिषदीय परीक्षाएं 24 मार्च तक चलेंगी। आज दोनों पालियों में परीक्षा हुई। कक्षा आठ तक की कक्षाओं में प्रथम पाली में हिंदी की परीक्षा हुई, जबकि दूसरी पाली में स्काउट और शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा थी। पहले दिन ज्यादातर स्कूलों में अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं। कई जूनियर स्कूलों में सिटिंग प्लान से बच्चों को नहीं बैठाया गया था।
उधर, शहर के कई स्कूलों में परीक्षाएं व्यवस्थित ढंग से चलती मिलीं। जूनियर स्कूलों में फर्नीचर नहीं होने की वजह से बच्चों को फर्श पर बैठकर परीक्षा देनी पड़ी।
देहात के कुछ स्कूलों के बच्चों को शिक्षकों ने किताबों से नकल कराई या फिर ग्रीन बोर्ड पर उत्तर लिख दिए गए। बीएसए पीसी यादव ने शहर के पुलिस लाइन स्थित स्कूल के साथ ही कई अन्य स्कूलों में पहुंचकर परीक्षाओं का जायजा लिया। अन्य सचल दलों ने देहात के स्कूलों में छापा मारा।
---
बच्चों की बढ़ गई संख्या
परिषदीय स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम रहती है, लेकिन आज जब परीक्षाएं शुरू हुईं तो बच्चों की उपस्थिति भी ज्यादा रही।
----
नकल कराने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। नकल कराना गलत है। ऐसा है तो जांच कराई जाएगी।
- प्रेमचंद यादव, बीएसए