कुंवरगांव (शाहजहांपुर)। महिलाओं को बचाने की कोशिश में थाना पुलिस की जीप खाई में गिर पड़ी। नतीजतन गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह और अजीत कुमार बुधवार दोपहर थाने की जीप लेकर सिगोई के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर आंवला से कुंवरगांव की ओर आ रहे तीन लोगों को इन्होंने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक और तेज कर ली। तब वीरेंद्र ने संदेह के आधार पर इनकी बाइक से पीछे पुलिस जीप लगा दी। बनगढ़ के पास सामने से आ रही महिलाओं को बचाने की कोशिश में गाड़ी करीब दस फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दोनों ही पुलिसकर्मी घायल हो गए।
ट्रक ने टेंपो को टक्कर मारी, छह घायल
सिलहरी। सिविल लाइंस क्षेत्र में बदायूं से आंवला मार्ग पर मुसाफिरों से भरा टेंपो मुसाफिरों को लेकर कुंवरगांव से बदायूं आ रहा था। सामने से आ रहे ट्रक ने सालारपुर के पास टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो सवार परवेज (35), उनकी पत्नी जायदा बी, पुत्र जैद (4) समेत करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में जायदा को बरेली रेफर किया गया है। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर कुंवरगांव पुलिस ने ट्रक बरामद कर चालक को हिरासत में ले लिया।
ट्रेन से कटकर दे दी जान
सिलहरी। मंगलवार सुबह शहर से दातागंज रोड पर स्थित रेलवे क्रासिंग पर 55 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। क्रासिंग से थोड़ा आगे बढ़कर वह बरेली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के नीचे आ गया। उसकी जेब में सीमेंट खरीद की एक पर्ची मिली। इस पर सिरायार निवासी धीरपुर लिखा हुआ था। पुलिस ने दातागंज क्षेत्र के गांव धीरपुर में जानकारी की तो भी इस नाम पते का कोई व्यक्ति नहीं मिला। उसका शव पहचान के लिहाज से पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया। पुलिस शिनाख्त की कोशिश कर रही है।