अमर उजाला ब्यूरो
दातागंज। नगर की जनता के लिए यह अच्छी खबर है। जल्द ही जाम के झाम से मुक्ति मिल सकती है। बड़े बाईपास के लिए भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने प्रस्ताव बनवाकर शासन को दे दिया है। सांसद का कहना है कि जल्द ही प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद बाईपास का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
जब से बेलाडांडी और हजरतपुर में रामगंगा का पुल बना है तब से शाहजहांपुर के साथ ही लखनऊ की दूरी कम हो गई है। ऐसे में जिला मुख्यालय या इस क्षेत्र से उक्त स्थानों को जाने वाले वाहन नगर होकर ही निकलते हैं। जिसकी वजह से मुख्य बाजार में स्थित अरेला देवी मंदिर से रोड के आखिर तक कई बार जाम लगता है। जिसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ता है। पता हो कि यह रोड वाहनों के आवागमन के कारण इतना सकरा हो गया है कि छोटे वाहन भी आसानी से नहीं निकल पाते हैं। इस समस्या से निजात दिलाने को नगरवासियों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मांग की। आंवला से भाजपा के क्षेत्रीय सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने दातागंज में बड़े बाईपास के निर्माण के लिए पूरा प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को दे दिया है। बोले-उन्हें पूर्ण उम्मीद है कि जल्द ही बाईपास के प्रस्ताव को शासन से हरीझंडी मिल जाएगी। बाईपास के निर्माण को लेकर वह काफी समय से गंभीर भी थे।
इंसेट-
...यहां से प्रस्तावित है बाईपास दातागंज। नगर में प्रस्तावित बड़ा बाईपास बरेली रोड से निकलकर मंडी समिति के बीच जाकर मिलेगा। इसकी दूरी करीब तीन किमी. तक होगी।
इंसेट-
राजीव भी दो बार भिजवा चुके हैं प्रस्ताव
दातागंज। नगर पालिका परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष राजीव गुप्ता भी दो बार बाईपास का प्रस्ताव शासन को भिजवा चुके हैं। एक बार जिलाधिकारी और दूसरी बार स्वयं पालिका की ओर से यह प्रस्ताव भिजवाया था। राजीव गुप्ता का कहना है कि आज बाईपास की बहुत जरूरत भी है।