अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के मंडल अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने सोमवार सुबह रेलवे स्टेशन का दौरा किया। यूनियन नेताओं ने वेटिंग रूम में रेलकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का भरोसा दिलाया।
यूनियन अध्यक्ष मुकेश सक्सेना ने बताया कि मंडल में जन जागरण अभियान के तहत स्टेशनों पर पहुंचकर रेल कर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद उन्हें जागरूक किया जा रहा है ताकि लापरवाही की वजह से कोई घटना घटित न हो पाए। मंडल अध्यक्ष ने बताया कि यूनियन के आह्वान पर ट्रैकमैन और गैंगमैन का एक जुलाई से 2700 रुपये ड्यूटी भत्ता, सालाना पांच हजार रुपये वर्दी, 900 रुपये जूता खरीदारी और प्रतिमाह पानी के लिए 2700 रुपये भत्ते के तौर पर बढ़ाया गया है। गैंगमैन और ट्रैकमैनो ने भी घनी आबादी के बीच बने रेलवे क्रासिंग के पास शौचालय बनवाने की मांग की। इस पर उन्हें समस्या का शीघ्र ही निस्तारण करने का आश्वासन दिया। बैठक में यूनियन मंडल के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना के अलावा मंडल मंत्री रईस अहमद, सहायक मंडल मंत्री हरीश, शाखा मंत्री पुत्तूलाल, स्टेशन अधीक्षक पारस चंद्र प्रवीन, सोमनाथ बेनर्जी, जगदीश सिंह आदि लोग मौजूद थे।