एसएसपी को ज्ञापन देते अधिवक्ता।स्रोत-स्वयं
बदायूं। अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड कंपनी के निदेशक शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य, सूरजपाल सिंह, श्रीकांत, अमित कुमार सिंह के अलावा अज्ञात एजेंटों के खिलाफ 60 लाख रुपये हड़पने के आरोप में कोतवाली सदर में 151 अधिवक्ताओं ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कंपनी के निदेशक शशिकांत व सूर्यकांत मौर्य ने अमर ज्योति यूनिवर्स कंपनी करीब 35 साल पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के जालंधरी सराय शेखूपुर रोड पर खोली थी। मौजूदा समय में करीब 20 हजार निवेशक लगभग एक अरब रुपये कंपनी में जमा कर चुके थे। जिसका भुगतान करने से पहले ही निदेशक कंपनी कार्यालय पर ताले डालकर भाग चुके हैं।
शनिवार को 151 अधिवक्ताओं ने निदेशक शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य, सूरजपाल सिंह, श्रीकांत, अमित कुमार सिंह व अज्ञात एजेंटों के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। बता दें कि अब तक 500 से अधिक निवेशक शिकायती पत्र कोतवाली पुलिस को सौंप चुके हैं। पुलिस जांच कर मुकदमा दर्ज कर रही है।