कादरचौक। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को एआई प्रज्ञा के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आईबीएम स्किल्स बिल्ड के कार्यान्वयन सहयोगी संस्था (वन मिलियन फॉर वन बिलियन) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बुनियादी अवधारणाओं, इसके व्यावहारिक उपयोग और भविष्य में इससे जुड़ने वाले रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही बदलते तकनीकी दौर में जरूरी डिजिटल कौशल और भविष्य की कार्य क्षमताओं के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों को संवादात्मक और व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से एआई की कार्यप्रणाली समझाई गई। उन्हें बताया गया कि किस तरह कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान और करियर को बेहतर बनाने में किया जा सकता है। संस्थान के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार वार्ष्णेय और अन्य शिक्षकों ने एआई प्रज्ञा पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने व भविष्य की रोजगार संबंधी चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह संस्था पॉलिटेक्निक संस्थानों, आईटीआई, डिग्री कॉलेजों और विद्यालयों के विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं आधुनिक डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार, नवाचार और तेजी से बदलती डिजिटल अर्थव्यवस्था में उभरते अवसरों के लिए सक्षम बनाना है।