बदायूं। शासन के निर्देश पर जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण और गणना का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन ड्यूटी लगने के बावजूद करीब 15 शिक्षक अब तक कार्यस्थल पर नहीं पहुंचे हैं। इसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। गैरहाजिर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
मकान गणना का कार्य शासन की प्राथमिक योजनाओं में शामिल है। इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाना है। इसके लिए शिक्षा विभाग के करीब दो हजार शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। हालांकि कई शिक्षक अभी तक ड्यूटी स्थल पर नहीं पहुंचे, जिससे कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इस मामले को लेकर संबंधित एसडीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को पत्र भेजकर गैरहाजिर शिक्षकों की जानकारी दी है।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की ओर से लगातार शिक्षकों से संपर्क कर उन्हें तत्काल ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश दिए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि अगर जल्द ही यह गैरहाजिर शिक्षक नहीं पहुंचे, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तलवार लटकने लगी है। ऐसे में उनको निलंबित भी किया जा सकता है।
वर्जन-
अभी स्पष्ट डाटा नहीं पता चल सका है कि कितने शिक्षक गणना का काम नहीं करने पहुंचे हैं। गणना के काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जो भी शिक्षक नहीं जाएंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित किया जाएगा।
- वीरेंद्र कुमार सिंह, बीएसए