बदायूं। डीएम ने कहा कि बीडीओ अपने-अपने क्षेत्रों के 10-10 गांवों में एक सप्ताह में गोशालाओं का निर्माण पूर्ण कराएं। पशुओं के खाने के लिए पूरे साल का भूसा खरीदने का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें। लेखपाल, सचिव, प्रधान द्वारा सरकारी खाली पड़ी जमीन पर चारा बुआने का कार्य कराया जाए। गांव में सड़कों पर आवारा गोवंशीय पशु घूमते हुए नहीं मिलने चाहिए, अगर मिले तो लेखपाल, सचिव व प्रधान के खिलाफ की कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को कलक्ट्रेट में डीएम दिनेश कुमार सिंह ने गोशालाओं के निर्माण व अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक ली। उन्होंने एसडीएम, बीडीओ को निर्देश दिए कि गोशालाओं में गोवंश की व्यवस्थाओं के संबंध में ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक सप्ताह में बुधवार को, तहसील स्तर पर प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल पर तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की जाए। एसडीएम, बीडीओ यह भी ध्यान रखें कि गोशालाओं के लिए ग्राम पंचायत निधि और सीवीओ द्वारा दिए गए पैसों से पूरे वर्ष के लिए भूसे की खरीदारी अभी से पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा प्रति जानवर पांच किलो प्रतिदिन के हिसाब से पूरे साल का भूसा खरीदकर अभी से भर लिया जाए।
डीएम ने कड़े निर्देश दिए कि जिन गांव में आवारा गोवंश घूमते हुए मिले, उन गांव के लेखपाल, सचिव को सस्पेंड किया जाएगा, साथ ही प्रधान के विरुद्ध जिला मजिस्ट्रेट द्वारा कार्रवाई की जाएगी। तीनो लोग मिलकर गांव की सरकारी खाली पड़ी भूमि पर चारा बुवाने का काम करें।