उझानी (बदायूं)। चार दिन पहले आंधी में सड़क पर पड़े पेड़ की चपेट में आने से घायल युवक की मंगलवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उसका सिर फट गया था। वह हेलमेट नहीं लगाए था। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक मनोज कुुमार उर्फ मंजू (25) कोतवाली क्षेत्र के गांव बुर्रा फरीदपुर के स्व. बालकराम का बेटा था। चार दिन पहले वह कोल्ड स्टोरेज से घर लौटते समय आंधी में सड़क पर गिरे पेड़ की चपेट में आ गया था। सिर फट जाने के बाद घरवालों ने पहले उसका जिला अस्पताल में इलाज कराया लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। भाई वीरेश ने बताया कि मनोज की मंगलवार देर रात मौत हो गई। हादसा बुर्रा फरीदपुर रोड पर ईंट भट्ठा के पास हुआ था। वह शादीशुदा था और उसकी दो बेटियां हैं। बुधवार को बरेली में पोस्टमार्टम के बाद मनोज का शव घर पर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ब्यूरो