नहीं हो सकी महिला की शिनाख्त, फाइलों में कैद हो गई गुत्थी
उझानी (बदायूं)। पिछले महीने अचौरा के जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश का मामला पुलिस की फाइल में कैद होकर रह गया है। लाश कहीं और से लाकर फेंकी गई थी या फिर हत्या उसी इलाके में ही की गई, यह तो महिला की शिनाख्त होने के बाद ही पता लगेगा लेकिन पुलिस की जांच में अब तक कुछ भी सामने नहीं आया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अचौरा के जंगल में अज्ञात महिला की लाश 15 दिसंबर को पुलिस ने बरामद की थी। बरामदगी से दो दिन पहले जब चरवाहों ने लाश को पड़ा देखा तो कानाफूसी के बाद ही सूचना पुलिस तक पहुंची थी। जिस तरह से महिला की हत्या की गई थी, उससे साफ है कि घटना में कोई उसका परिचित ही रहा होगा। मृतका की हरी साड़ी, लाल ब्लाउज और नया स्वेटर भी इस बात की गवाही दे रहा था कि उसका इलाके से ताल्लुक भी जरूर है। लाश के पास से पुलिस ने शृंगार का सामान बरामद किया था। इसके बाद से उसकी हत्या में तंत्र विद्या पर शक गया। पुलिस की अब तक की तहकीकात में कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस ने बरामदगी वाले दिन से चार-छह दिन बाद तक इलाके के लोगों से जानकारी भी की लेकिन कोई सुराग हत्थे नहीं आने के बाद मामला तहकीकात की फाइल में कैद होकर रहा गया।
------------
युवक की भी नहीं हो पाई शिनाख्त
उझानी। कोतवाली क्षेत्र में ही 10 नवंबर को दहेमू पुलिया के नजदीक सड़क किनारे एक मंदिर के पिछवाड़े पुलिस ने करीब 25 साल के अज्ञात युवक का शव बरामद किया था। मृतक नीली टी-शर्ट, जींस की पैंट समेत जैकेट पहने था। शव के पास ही कीटनाशक का खाली डिब्बा भी पड़ा था। अब तक उसकी भी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
---------
अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने आसपास इलाके में खोजबीन कर ली है। इलाके में जब कोई सुराग नहीं मिला तो आसपास थानों से भी संपर्क साधा गया। लापता महिलाओं के बारे में जानकारी की गई, लेकिन फिर भी कोई पता नहीं चला।
- विनोद कुमार चाहर, कोतवाल