मौर्य छात्रावास में व्यवस्थाएं नहीं मिलीं दुरुस्त
बदायूं। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को मौर्य शाक्य छात्रावास का निरीक्षण किया। छात्रावास की साफ सफाई, रंगाई पुताई, शौचालय की व्यवस्था सही नहीं मिली।
बुधवार को दातागंज तिराहा स्थित मौर्य छात्रावास में शहर विधायक और डीएम अचानक पहुंच गए। वहां परिसर में साफ-सफाई सही नहीं मिली। छात्रावास के विद्यार्थियों के लिए शौच करने के लिए शौचालय न होने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता नगर पालिका को निर्देश दिए कि शौचालय, बाथरूम का डिजाइन एस्टीमेट बनाएं। छात्रावास में जल्द ही स्वच्छ शौचालयों और स्नानगृह का निर्माण कराया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से रहन-सहन के संबंध में भी जानकारी ली। डीएम ने प्रबंधक तरुण प्रताप को निर्देश दिया कि छात्रावास में बच्चों को सारी व्यवस्थाएं समय से उपलब्ध होनी चाहिए। इस मौके पर एसडीएम पारसनाथ मौर्य आदि मौजूद रहे। ब्यूरो