यहां गहरे गड्ढों में हर वक्त फंसते हैं वाहन
अलापुर चुंगी से दातागंज रोड को जोडने वाली सड़क बनी तालाब
अधिकारी और कर्मचारी भी नहीं देेते दयनीय स्थिति पर ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। एफएम हाईवे स्थित अलापुर चुंगी से दातागंज रोड को मझिया होकर जा रही सड़क की हालत बेहद दयनीय है। शासन के गड्ढा मुक्त सड़कों के दावों की यह सड़क खिल्ली उड़ा रही है। करीब तीन किमी की इस सड़क पर कई स्थान पर लंबे और गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिनमें भारी वाहन अक्सर फंस जाते हैं। तब लोगों को बेहद कठिनाई का सामना करना पड़ता है। चौंकाने वाली बात तो यह है कि इस सड़क से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की गाड़ियां गुजरतीं हैं मगर किसी को इस जर्जर सड़क की सुध नहीं है।
दरअसल, शहर में जब भी बड़े वाहनों का प्रवेश रोका जाता है तब मुरादाबाद, बरेली की ओर से फर्रुखाबाद आदि स्थान को जाने वाले वाहनों को दातागंज तिराहे से मझिया होकर जाने वाली चक्कर वाली सड़क अलापुर चुंगी से होकर निकाला जाता है। सो सड़क पर वाहनों का दबाव भी रहता है। अधिकारियों या जनप्रतिनिधियों को दातागंज जाने या फिर उधर से आना होता है तो वह इसी सड़क से गुजरते हैं। जलनिगम दफ्तर से बाबा कॉलोनी तक सड़क पूरी तरह से अपना अस्तित्व खो चुकी है। गहरे गड्ढे और उसमें भरा पानी लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। न जाने कितनी बार गड्ढों में वाहन फंसते हैं। सोमवार को भी एक स्कूली वाहन गंदे पानी भरे गड्ढे में खराब हो गया। दूसरे वाहन की मदद से उसे निकाला गया। पूरी सड़क पर कई स्थान पर गड्ढे हैं। यहां के लोगों ने कहा कि सरकार भले ही सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के दावे कर रही हो लेकिन इस सड़क पर किसी को दया नहीं आ रही है, जबकि प्रशासन की ओर से जब भी रूट डायवर्जन किया जाता है तो इसी से वाहनों का आवागमन कराया जाता है।
शहर के गौरी शंकर मंदिर से दातागंज रोड को जोड़ने वाला मझिया मार्ग बेहद खराब है। इसके लिए एस्टीमेंट बनाकर भेजा गया है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद पूरा रोड बनवाया जाएगा।
-हेमेंद्र, ईई पीडब्ल्यूडी