फोटो--28
डीएम के निर्देश पर जिला अस्पताल पर छापा, रिकार्ड तलब
डीआरडीए के परियोजना निदेशक ने चेक किए कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। डीएम के निर्देश पर गुरुवार देर शाम डीआरडीए के परियोजना निदेशक ने अचानक जिला अस्पताल में छापा मारा। अफसरों को देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने इमरजेंसी से लेकर सर्जिकल वार्ड चेक किए। उन्हें कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। इसकी पुष्टि के लिए रिकार्ड तलब किया गया है।
जिला अस्पताल में लापरवाही चरम पर है। डीएम दिनेश कुमार सिंह के निर्देशों और छापामारी के बावजूद अस्पताल प्रशासन नहीं सुधर रहा है। डीएम के निर्देश पर गुरुवार देर शाम डीआरडीए के परियोजना निदेशक राम सिंह टीम के साथ जिला अस्पताल जा पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड के हालात देखे। इमरजेंसी में गंदगी की भरमार मिली, जिससे बदबू निकल रही थी। कर्मचारी इधर-उधर तफरी करते पाए गए। बैडों पर गंदी चादरें बिछी थीं। कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब थे। टीम ने सीएमएस डॉ. सुकुमार आग्रवाल से कर्मचारियों की उपस्थिति का रजिस्टर मांगा, जो उस वक्त नहीं दिया गया। परियोजना निदेशक ने उपस्थिति रजिस्टर उपलब्ध कराने को कहा है, जिससे वास्तविक स्थिति का पता चल सके।