फोटो-17-
डाक कर्मचारियों ने बेची पकौड़ी
कहा-पूरा वेतन लेकर ही रहेंगे, आंदोलन जारी रहेगा
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल 20 वें दिन भी जारी रही। शनिवार को डाक कर्मचारियों ने मुख्य डाकघर के बाहर पकौड़ी बेची। कहा जब तक उनको पूरा वेतन नहीं मिल जाता है तब तक उनकी हड़ताल यूं ही चलती रहेगी।
जीडीएस रामकिशोर ने कहा कि हड़ताल शत-प्रतिशत चलती रहेगी। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार इतनी लंबी हड़ताल चल रही है। केंद्र सरकार के मंत्री, तमाम जनप्रतिनिधि कानों में तेल डाले बैठे है। यह सब क्रिया कलाप देश की सवा करोड़ जनता खुली आंखों से देख रही है। सरकार के तानाशाह रवैये से रूबरू भी हो रही है। जीडीएस कुंभकरण लाल ने कहा कि समान अधिकार की बात करने वाले देश के वित्त मंत्री एयरकंडीशन से बाहर आने को तैयार नहीं है। इनको जीडीएस पूरा सबक सिखाएगा। गौरव शर्मा ने कहा कि हमारी एकजुटता ही केंद्र सरकार के लिए काफी है। देश में जो माहौल केंद्र सरकार ने बनाया हैं। जनता उसे एक पल में ध्वस्त करना भी जानती है। योगेंद्र शर्मा ने कहा कि डाक विभाग की ओर सौ फीसदी डाक वितरण दिखाया जा रहा है। जबकि हड़ताल पर होने के कारण डाक वितरण नहीं हो रहा है। जनता रोज प्रधान डाकघर में आ रह रही है। यहां तक की मारपीट की नौबत भी आ जाती है। इसलिए इस मसले में झूठी आख्या अपलोड करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने मुख्य डाकघर के बाहर पकौड़ी बेची। इस मौके पर रूपेंद्र पटेल, इकबाल अहमद, राहुल कुमार, रूपेश यादव, प्रेम पाल सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।
बिल्सी। सातवां वेतन आयोग लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को नगर के डाकघर पर ग्रामीण डाक कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में 20 वें दिन अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को जारी रखा। कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से डाकघर से संबंधित जनता के कई काम बाधित रहे। ओशपाल सिंह, मुनेंद्र पाल, नीरेश कुमार, होरीलाल देवल, किशन लाल, रविशंकर, नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।