नीचे लटक रहा केबल, हो सकता है बड़ा हादसा
बाइक, कार सवारों को होती है परेशानी, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
बिजली विभाग की ओर से शहर में करीब पौने तीन साल पहले एबीसी (एरियल बंच कंडक्टर) केबल डाली गई थी। इससे बिजली चोरी पर काफी हद तक लगाम लगी। मगर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते यह केबल लोगों के लिए परेशानी बनती जा रही है। एबीसी केबल इतने नीचे लटक रहे हैं कि पैदल चलने वाले व्यक्ति को भी सिर झुकाकर निकलना पड़ता है। वहीं यह तार बाइक और कार सवारों के लिए और भी खतरनाक साबित होते हैं।
रेलवे लाइन किनारे स्थित कृष्णापुरी मोहल्ले की हर गली में एबीसी केबल डाली गई है। केबल डालते समय भी लोगों ने झूलते तारों का विरोध किया था। लेकिन बाद में सही करने की बात कहकर बिजली कर्मी इसे वैसे ही छोड़ गए। इसके बाद में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से लोग मिले। लेकिन मोहल्लों वालों की समस्याओं की ओर विभागीय अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, मजबूरन लोग शांत हो गए।
------------
फोटो-4-
आते-जाते लोगो को छू जाती है केबल
बिजली चोरी रोकने के लिए अधिकारियों ने शहर में नार्मल तारों की जगह पर एबीसी केबल लगवा दी। इससे बिजली चोरी पर लगाम तो लगी, लेकिन यह पीवीसी केबल इतनी नीची है कि लोगों को आते जाते समय छू जाती है। मोहल्ला आदर्श नगर निवासी महेश ने केबल ऊंची कराने के लिए कई मर्तबा शिकायत की लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
----
फोटो-6-
मोहल्लों वालों ने तार को खुद ही किया ऊंचा
सिविल लाइन स्थित गन्ना दफ्तर के पास में रहने वाले कामेश पाठक का कहना था कि खंभे पर बीच में कई बार फाल्ट हुए हैं। शिकायतों के बाद में जब विभाग के कर्मचारी इन तारों को जोड़ने के लिए आते हैं तो उन्हें काम चलाऊ तरीके से और अधिक तार लगाकर जोड़ देते हैं और एक्ट्रा तार को लटकने देते हैं। इससे आम लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। मजबूरन लोगों ने तार में अलग से तार फंसा कर ऊंचा किया है।
वर्जन--
शहर में केबल लटकने का मामला है। इस संबंध में एसडीओ और मुझसे संपर्क करें। जहां भी ऐसे तार की समस्या आ रही है। उसे सही कर दिया जाएगा।।-विजेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता