बदायूं। जिले में हर घर को कनेक्शन और 24 घंटे बिजली सप्लाई देने के क्रम में सौभाग्य योजना के तहत पहल शुरू हो रही है। सोलह दिसंबर को गांवों में कैंप लगाकर हर घर को कनेक्शन दिया जाएगा। पहले चरण में जिले के तीनों विद्युत खंडों के 38 गांवों और छोटे कस्बों को चयनित किया गया है। हर उपकेंद्र से फिलहाल एक गांव चयनित किया गया है।
सौभाग्य योजना के तहत हर घर को बिजली कनेक्शन से जोड़ा जाना है। सरकार की योजना है कि इससे बिजली चोरी रुकेगी तो राजस्व की भी वृद्धि होगी। इसके साथ ही कटिया डालने से ट्रिपिंग की समस्या भी दूर हो जाएगी और आम उपभोक्ता को 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई मिलने का रास्ता साफ होगा। इसमें बीपीएल श्रेणी के लोगों को नि:शुल्क कनेक्शन देने की व्यवस्था है। बाकी को भी कनेक्शन मात्र 1350 रुपये में मिल सकता है। कोई चाहे तो नकद 150 रुपये देकर भी कनेक्शन ले सकता है। बाकी 1200 रुपये की राशि बारह महीने तक बिल में सौ रुपये जोड़कर वसूल करने की सहूलियत भी है। कनेक्शन देने के साथ ही घर में तत्काल मीटर लगा दिया जाएगा। इसके साथ ही यह भी व्यवस्था है कि जो व्यक्ति कनेक्शन नहीं लेगा, उसके खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाए। बिल्कुल गरीब व्यक्ति अगर किसी कारणवश कनेक्शन नहीं ले पा रहा है तो अधिकारियों को उसके बारे में शासन को जानकारी भेजनी होगी।
----------------------
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे कैंप
प्रथम खंड के फतेहपुर, इकलहरी, बुधवाई, कुनार, नादिर गौंटिया, बस्तरा, बरायमखेड़ा, कछला, रमजानपुर, ककोड़ा आदि स्थानों पर कैंप लगेंगे। इसके अलावा द्वितीय खंड में सिरासौल, धौरेरा, गुधनी, कासूंनगला, जोरानगला, सोबरननगला, कोठा, फरीदपुर सैनी, कनकपुर, बमियाना, बर्खिन, बसियानी और टकसेना में तो तृतीय खंड बिसौली के रम्पुरिया, जगतुआ, सरौरी, राजपुर टिकौली, बाकरपुर, धर्मपुर बिहारीपुर, बालपुर, मोहम्मदगंज गोबरा, बसंतनगर, अहमद नगर, कुंदावली मुसिया नगला, जिजाहट, बादशाहबाद, धोबई और मढ़कावली।
--------------
वर्जन
शासन की योजना हर घर को 24 घंटे बिजली देने की है। सौभाग्य योजना भी उसी से जुड़ी है। एक ही दिन में हम 38 गांवों को पूरी तरह विद्युत से संतृप्त करेंगे। मीटर आदि भी तत्काल ही लगा दिए जाएंगे। जो कनेक्शन नहीं लगवाएगा, उस पर एफआईआर कराई जाएगी। आगे और भी गांवों में ऐसे ही कैंप लगाए जाएंगे।
- मधुप श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता