बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ स्थित युवा मंच संगठन के कैंप कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से रोस्टरिंग के नाम पर घंटों की बिजली कटौती को लेकर रोष जताया गया।
नगराध्यक्ष नईम अव्वासी ने कहा कि रात में कई घंटे बिजली न होने कारण लोग चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं। इन दिनों नगर में बिजली कटौती का इतना बुरा हाल है कि 10-12 घंटे ही बिजली मिल रही है। इसकी वजह से उद्योग धंधों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बावजूद इसके विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसको लेकर उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया है, मगर किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। कंट्रोल रूम द्वारा रोस्टरिंग की बात कहकर पल्लू झाड़ लिया जाता है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि शीघ्र बिजली आपूर्ति ठीक नहीं की गई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर इंतजार अली, बाबू अली, प्रशांत यादव, विमल सागर, प्रतीप माहेश्वरी, इरफान अली, अनिल शाक्य आदि मौजूद रहे।