बदायूं। शाहजहांपुर जिले के 14 लोग सोमवार शाम हरियाणा प्रांत से पैदल लौट रहे थे। दातागंज इलाके में पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। चिकित्सकों द्वारा उनका तापमान चेक कराया गया तो उनमें सात लोगों को 103 डिग्री बुखार निकला। उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया है। ये 14 लोग शाहजहांपुर जिले में जैतीपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी हरियाणा प्रांत की एक फैक्टरी में काम करते हैं। लॉकडाउन के बाद से उन्हें कुछ परेशानी आ रही थी। इससे सभी लोग कुछ दिन पहले हरियाणा से पैदल चल पड़े। सोमवार शाम ये लोग दातागंज कोतवाली क्षेत्र से गुजर रहे थे। उसी समय पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। उनकी परेशानी पूछी। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाकर उनका स्वास्थ्य चेकअप कराया गया, जिनमें सात लोगों को 103 डिग्री बुखार निकला। इस पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेज दिया गया। बाकी लोगों को नगर में क्वारंटीन किया गया है।