बदायूं। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन, कानपुर के निर्देशन में बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अंडर-16 टीम का अंतिम ट्रायल मैच हुआ, जो रविवार सुबह श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज के मैदान पर खेला गया। 35-35 ओवरों के मैच में ए टीम ने बी टीम को 17 रन से हरा दिया।
मैच में टीम ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवरों में सभी विकेट गंवाते हुए 202 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें शानदार बल्लेबाजी करते हुए अक्षत दुआ ने 39 व गोविंद ने 37 रन बनाए, वही विजयनंद 30 रन बनाकर नाबाद रहे। लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी बी टीम निर्धारित 35 ओवर भी नहीं खेल सकी। पूरी टीम 185 रन बनाकर आउट हो गई। इसमें उत्कर्ष ने नाबाद 43, प्रतीक ने 42 व अभिरल ने 35 रन बनाए। इसके साथ ही ए टीम ने ट्रायल मैच 17 रनों से जीत लिया। मैच में अंपायर राहुल कश्यप, शिवम यादव, स्कोरर अभिषेक यादव, चयनकर्ता अखिलेश पांडे व सीताराम सक्सेना रहे। रवींद्र मोहन सक्सेना ने बच्चों को प्रदेश स्तर तक खेलने का संदेश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपना नाम ऊंचा करें ताकि बदायूं का नाम रोशन हो सके।
इन खिलाड़ियों का किया गया चयन
-बल्लेवाजी में अभिरल यादव, उत्कर्ष आर्य, अक्षत दुआ, विजयनंद ध्यानी, प्रतीक राज, सुमित उपाध्याय, मोहम्मद फैजान, गोविंद सिंह रहे, जबकि तेज गेंदबाजी में अनिल गौतम, दिव्यांश प्रताप सिंह, सौरभ शर्मा, अंकित भार्गव रहे। स्पिनर में नरेश, अभय और माधव गुप्ता का चयन किया गया। साथ ही अतिरिक्त तेज गेंदबाज के रूप में दिव्यांश शर्मा को टीम में शामिल किया है।