बदायूं। मुजरिया-कछला मार्ग पर मंगलवार दोपहर किसी वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर एक ग्रामीण, उसकी पत्नी तथा उसकी भाभी सवार थी। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि पत्नी और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद युवक के शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर निवासी होरीलाल (25) बाइक से अपनी पत्नी कुसुम (22) और फुफेरी भाभी लक्ष्मी (25) पत्नी तिलक सिंह निवासी ग्राम कटैईया थाना मुजरिया के साथ कछला से गंगा स्नान करके लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक इनकी बाइक रास्ते में भिंड पुलिया के नजदीक पहुंची थी कि उसी समय किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टर ने होरीलाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर युवक के परिवार वाले रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया और शव को परिजनों के हवाले कर दिया। दोनों महिलाओं की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
-----------------
बाइक की टक्कर से युवक की जान गई
उसावां (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम राजानगला निवासी वेदराम (38) पुत्र महाराम सोमवार देर शाम उसावां से अपने गांव पैदल लौट रहे थे। कस्बे के मुख्य चौराहे पर मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पार करते समय एक बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वेदराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वेदराम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। एसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि अभी परिवार वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।