फोटो- 29 बीडीएनयूजेएचपीएच-02
कृषक योजनाओं की जानकारी नहीं देने पर भाकियू ने बैंक घेरी
कछला में एसबीआई के मैनेजर पर बैठक नहीं बुलाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। कछला में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक के गेट पर हंगामा कर दिया। उन्होंने बैंक मैनेजर पर किसानों की समस्याओं को नहीं सुनने और बैठक बुलाकर उन्हें कृषक योजनाओं की जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की।
भाकियू कार्यकर्ता दोपहर में बैंक के गेट पर जुटे। उन्होंने शाखा प्रबंधक से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया। यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष सोमवीर सिंह ने बताया कि बैंक में कई साल से यह व्यवस्था रही है कि किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए बैंक परिसर में बैठक बुलाई जाती रही है। बैठक में बैंक अफसर किसानों को कृषक योजनाओं से अवगत कराते थे। इसकी शिकायत भी बैंक मैनेजर से की गई लेकिन उन्होंने गौर नहीं किया। बैंक गेट पर हंगामा करते हुए यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मैनेजर के खिलाफ नारेबाजी भी की। करीब दो घंटा तक बैंक गेट पर ही डटे रहे प्रदर्शनकारियों ने उनकी मांग नहीं माने जाने पर चार सितंबर को बेमियादी धरना पर बैठ जाने की चेतावनी भी दी है। प्रदर्शनकारियों में राजेश कुमार सिंह, नंदराम वर्मा, सुरेशपाल सिंह, सुखपाल सिंह, जुगेंद्र सिंह, कालीचरन, मुकेश कुमार सिंह, नरेशपाल, चुन्नीलाल और नत्थू लाल आदि शामिल थे।