एसआईबी टीम का कुंवरगांव में मेंथा ऑयल व्यापारी के यहां छापा
11 ड्रम और पांच केन मेंथा ऑयल बरामद, कारोबारियों में मची रही खलबली
बिना जीएसटी नंबर के चल रहा था कारोबार, करीब छह लाख का जुर्माना पड़ेगा
अमर उजाला ब्यूरो
कुंवरगांव (बदायूं)। बिना जीएसटी नंबर लिए मेंथा ऑयल का कारोबार कर रहे एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर बरेली से आई विशेष अनुसंधान शाखा ( एसआईबी) की टीम ने छापा मारा। इस दौरान काफी मात्रा में मेंथा मिला, जिसे टीम अपने साथ ले गई। लगभग पांच घंटे तक छापामार कार्रवाई चलती रही। इस दौरान मेंथा व्यापारियों में खलबली मची रही। लगभग सभी कारोबारी अपने प्रतिष्ठान बंद करके इधर-उधर खिसक लिए। बताया जा रहा है कि करीब छह लाख रुपये का व्यापारी से जुर्माना वसूला जाएगा।
विशेष अनुसंधान शाखा बरेली की टीम को कुंवरगांव में बिना जीएसटी नंबर लिए मेंथा ऑयल का धंधा बड़े पैमाने पर होने की सूचना मिली थी। एडिशनल कमिश्नर एसपी सिंह के निर्देशन में डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार की अगुवाई में सचल दल ने कुंवरगांव के व्यापारी विवेक गुप्ता के प्रतिष्ठान पर अपराह्न करीब तीन बजे छापा मारा। टीम को मौके पर पांच केन, 11 ड्रम भरा मेंथा ऑयल मिला। टीम ने कारोबारी से जीएसटी नंबर मांगा तो पता चला कि अभी तक नहीं लिया गया है। टीम ने शाम करीब आठ बजे तक छानबीन की। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। मौके पर मिले मेंथा को टीम डीसीएम में रखवाकर अपने साथ ले गई।
डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार ने बताया कि कारोबारी विवेक गुप्ता से लगभग छह लाख का जुर्माना वसूला जाएगा। उसके अदा करने पर माल वापस किया जाएगा। छापामार टीम में डिप्टी कमिश्नर संजय कुमार मिश्रा, असिस्टेंट कमिश्नर डॉ.लोमेश, वाणिज्य कर अधिकारी नितिन वाजपेयी आदि रहे। टीम के कस्बे में आने की खबर हवा की तरह फैल गई थी, सो सभी मेंथा कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया और इधर-उधर खिसक लिए।
इधर, उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष सर्वेश गुप्ता का कहना है कि हम व्यापारी के साथ हैं। जीएसटी अभी आया है। अभी जीएसटी को व्यापारी समझ नहीं पाए हैं। जीएसटी की साइड पर रजिस्ट्रेशन करने में काफी दिक्कत हो रही हैं।
----
दर्जनों कारोबारी करते हैं मेंथा ऑयल का व्यापार
कुंवरगांव। छापामार टीम के अनुसार उन्हें सूचना दी गई है कि कस्बे में दर्जनों व्यापारी मेंथा ऑयल का कारोबार करते हैं, लेकिन किसी के पास जीएसटी नंबर नही है। डिप्टी कमिश्नर विजय कुमार ने कहा कि ऐसे किसी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा।