बरेली-मथुरा हाइवे और बाईपास पर बुधवार दोपहर में हुए तीन सड़क हादसों में उसहैत क्षेत्र के युवक की जान चली गई। वह बाइक से अपनी एक रिश्तेदार और भतीजे के साथ कासगंज से घर लौट रहा था। अनाज लदा डनलप सेना की कार की चपेट में आने से किसान घायल हो गया। वहीं बाईपास पर तेज रफ्तार मेटाडोर ने स्कूटी सवार सहसवान के एक ही परिवार के चार सदस्यों को टक्कर मार दी। सभी सातों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहला हादसा बरेली-मथुरा हाइवे पर भूड़ वाली जियारत के पास हुआ। कासगंज से बाइक से घर लौट रहे उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जलालपुर निवासी राजीव कुमार (30) पुत्र ऋषिपाल की बाइक पर दातागंज मोहल्ला परा निवासी सास मीरा(40) और भतीजा मोहित (7) पुत्र ओमपाल सवार था। बाइक को सामने से अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सदस्य सड़क किनारे खाई में गिर गए। राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से मृतक के शव और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल मीरा और मोहित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं कृषि उत्पादन मंडी समिति के सामने बरेली से आगरा की ओर निकले सेना के वाहनों के काफिले में शामिल कार के सामने डनलप आ गया। सेना के कार चालक ने उसे बचाने की कोशिश की तब तक बैल भड़क गए। टक्कर लगते ही डलनप सवार मोहल्ला बहादुरगंज निवासी अनवार (55) घायल हो गया। हादसे के बाद सैनिकों ने ही उसने अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। सैनिकों की मौजूदगी में उसका उपचार किया गया। कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। उसी दौरान मानकपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार मेटाडोर ने स्कूटी सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों को रौंद दिया। स्कूटी सवार घायलों में सहसवान के मोहल्ला मोहद्दीनपुर निवासी इकबाल(45), उसकी पत्नी शमीम, बेटी आलिया (7) और डेढ़ साल का मासूम मुस्कान शामिल है। इकबाल के सिर में गंभीर चोट बताई गई है।