जिले में 18 नवंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर सोमवार को प्रश्नपत्र जीआईसी पहुंच गए। जिन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसी टीवी की निगरानी में रखे गए हैं। जो परीक्षा वाले दिन संबंधित सेंटरों पर भेजे जाएंगे। केंद्र व्यवस्थापकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश डीआईओएस ने दिए हैं।
शिक्षक पात्रता परीक्षा(टीईटी) की परीक्षा जिले के 16 सेंटरों पर होगी। इसमें प्राथमिक स्तर में पंजीकृत 9766 परीक्षार्थी और उच्च प्राथमिक स्तर में 4746 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसको लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से सभी केंद्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश दिए हैं, कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाए। वहीं सोमवार टीईटी के परीक्षा के प्रश्नपत्र भी राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंच गए। जो कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच उतारे गए। साथ ही सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में कोठार में रखे गए। साथ ही परीक्षा वाले दिन सभी केंद्रों पर ये प्रश्नपत्र पहुंचवा दिए जाएंगे।
शिक्षक नहीं दे सकेंगे टीईटी की परीक्षा
-18 नवंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अभी हाल ही नौकरी पाने वाले जूनियर स्तर के शिक्षक परीक्षा का भाग नहीं ले सकेंगे। क्योंकि उनके मूल दस्तावेज विभाग में सत्यापन के लिए जमा है। जबकि टीईटी परीक्षा देने के लिए मूल अभिलेख का विद्यालय में दिखना जरुरी कर दिया है। ऐसे में उन्होंने विभाग के चक्कर काटना शुरु कर दिया। साथ ही नियमों की राहत की उम्मीद लगा रहे हैं।
प्रश्नपत्र आ चुके हैं। जो सीसी टीवी कैमरे की निगरानी में रखवाए गए हैं। परीक्षा के संबंध में केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक निर्देश दिए है। इसबार 14512 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
-राममूरत, डीआईओएस